NEET (UG) री-एग्जाम को लेकर ‘युद्ध’ जैसी तैयारी: झारखंड में सेना के विमान से पहुंचेंगे पेपर; कोचिंग और फोटोकॉपी दुकानों की होगी ‘किलाबंदी’

संध्या न्यूज ब्यूरो
6 Min Read

रांची: प्रश्न-पत्र लीक होने के देशव्यापी विवाद और भारी हंगामे के बाद, आगामी 21 जून को होने जा रही NEET (UG)-2026 की दोबारा परीक्षा (Re-Exam) के लिए इस बार सुरक्षा के ऐसे कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसकी कल्पना अमूमन किसी नागरिक परीक्षा के लिए नहीं की जाती। इस बार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और पुलिस महकमा किसी भी स्तर पर ‘रिस्क’ लेने के मूड में नहीं है। परीक्षा को पूरी तरह कदाचार-मुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्र से लेकर राज्य सरकारों ने ‘युद्ध स्तर’ पर चक्रव्यूह तैयार किया है।

इस महा-तैयारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा के लिए भारतीय वायुसेना (IAF) के विमानों की मदद ली जा रही है, वहीं परीक्षा के दिन सोशल मीडिया से लेकर जमीन पर फोटोकॉपी की दुकानों तक की चौबीसों घंटे निगरानी होगी।

डीजीपी के साथ आपातकालीन बैठक, झारखंड पुलिस अलर्ट पर

पेपर लीक की घटना के बाद उपजे देशव्यापी जनाक्रोश और चौतरफा दबाव के बीच 6 जून को NTA के महानिदेशक की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल आपातकालीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हुई। इस बैठक में देश के सभी राज्यों के डीजीपी (DGP) शामिल हुए, जहां सुरक्षा को लेकर बेहद कड़े और नए दिशा-निर्देश जारी किए गए।

इन निर्देशों के आलोक में झारखंड पुलिस मुख्यालय ने भी कमर कस ली है। मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के एसएसपी (SSP) और एसपी (SP) को एक कड़ा टास्क चार्ट और सुरक्षा बिंदु जारी किए हैं, जिसका सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा।

वायुसेना के विमानों से होगी प्रश्न-पत्रों की ‘एयरलिफ्टिंग’

इस बार सुरक्षा की कमान आसमान से शुरू हो रही है। NEET-2026 री-एग्जाम के प्रश्न-पत्रों और परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं (आंसर शीट्स) को सुरक्षित लाने-ले जाने के लिए भारतीय वायुसेना के विमानों को मोर्चे पर लगाया गया है।

झारखंड के इन तीन एयरपोर्ट्स पर विशेष पहरा:

  • रांची, जमशेदपुर और देवघर एयरपोर्ट: इन तीनों हवाई अड्डों पर वायुसेना के विमान प्रश्न-पत्र लेकर पहुंचेंगे। यहां से कड़ी सुरक्षा के बीच पेपरों को न सिर्फ झारखंड के सेंटर्स बल्कि पड़ोसी राज्य बिहार के सीमावर्ती जिलों (भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई) और ओडिशा के क्योंझर व रायरंगपुर इलाकों के परीक्षा केंद्रों तक भेजा जाएगा।

  • धनबाद और सिमडेगा के लिए अलग रूट: धनबाद जिले के परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्न-पत्र पश्चिम बंगाल के पानागढ़ एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा लाए जाएंगे। वहीं, सिमडेगा जिले के सेंटर्स के लिए प्रश्न-पत्रों की खेप ओडिशा के राउरकेला एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच झारखंड की सीमा में प्रवेश करेगी।

हवाई अड्डों से लेकर स्ट्रॉन्ग रूम (बैंकों) और वहां से परीक्षा केंद्रों तक के पूरे रास्ते को ‘सैनिटाइज’ और सुरक्षित रखने के लिए पुलिस कप्तानों को डाक विभाग के नोडल अधिकारियों और पड़ोसी राज्यों के एसपी के साथ पल-पल का तालमेल बिठाने का निर्देश दिया गया है।

परीक्षा केंद्रों पर ‘डिजिटल किलाबंदी’ और फ्लाइंग स्क्वाड

जमीनी स्तर पर धांधली रोकने के लिए इस बार परीक्षा केंद्रों पर अभूतपूर्व सुरक्षा घेरा रहेगा:

  • बायोमेट्रिक और सघन तलाशी: परीक्षा केंद्रों के मुख्य गेट पर ही हर परीक्षार्थी की बायोमेट्रिक जांच और गहन तलाशी ली जाएगी।

  • इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध: मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, पेजर के साथ-साथ किसी भी कंप्यूटर सिस्टम को हैक या बाधित करने वाले चिप-आधारित डिवाइस के प्रवेश पर पूरी तरह से ‘नो एंट्री’ रहेगी।

  • CCTV और फ्लाइंग स्क्वाड: सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों का होना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा, जिलों के कप्तान खुद ‘फ्लाइंग स्क्वाड’ (उड़नदस्ता) का गठन कर लगातार गश्त की निगरानी करेंगे।

कोचिंग सेंटर, साइबर कैफे और फोटोकॉपी की दुकानें रडार पर

NTA के रडार पर इस बार वो तमाम ठिकाने हैं जहां से लीक या नकल की स्क्रिप्ट लिखी जाती है। पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा केंद्रों के आसपास की सभी फोटोकॉपी दुकानों, साइबर कैफे और स्थानीय कोचिंग सेंटरों के संचालकों पर खुफिया नजर रखें। इसके अलावा, तकनीकी या साइबर सेल को एक्टिव मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी डिजिटल छेड़छाड़ की सूचना पर तत्काल एफआईआर और कानूनी कार्रवाई की जा सके।

सोशल मीडिया पर ‘अफवाहबाजों’ की खैर नहीं, ट्रैफिक के लिए विशेष प्लान

परीक्षा से ठीक पहले या उसके दौरान प्रश्न-पत्र लीक होने की झूठी अफवाहें फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर पुलिस की सोशल मीडिया सेल पैनी नजर रख रही है। भ्रामक पोस्ट करने वालों पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा।

योग दिवस और परीक्षा का ‘डबल चैलेंज’: 21 जून को ही ‘विश्व योग दिवस’ भी है, जिसके कारण सुबह से ही शहरों में कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसे देखते हुए सभी जिलों के एसएसपी/एसपी को विशेष ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान बनाने को कहा गया है, ताकि योग दिवस के आयोजनों के कारण NEET परीक्षा देने जा रहे किसी भी छात्र को सेंटर पहुंचने में एक मिनट की भी देरी न हो।

Share This Article
Leave a Comment