हजारीबाग: नमो फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 की तैयारियां तेज, स्टिचिंग यूनिट पहुंचे सांसद मनीष जायसवाल

'वोकल फॉर लोकल' को मिला बढ़ावा; स्थानीय महिला कारीगरों द्वारा तैयार की जा रही है नमो जर्सी, सांसद ने बढ़ाया हौसला, ग्रामीण और शहरी खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा प्लेटफॉर्म, विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स फैब्रिक से सजेंगे हजारीबाग के खिलाड़ी

संध्या न्यूज-sandhya news
5 Min Read
नमो फुटबॉल टूर्नामेंट

हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले ‘सांसद खेल महोत्सव-2026’ के तहत नमो फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 की तैयारियां अब अपने पूरे परवान पर हैं। टूर्नामेंट को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए हजारीबाग के लोकप्रिय सांसद मनीष जायसवाल खुद कमान संभाले हुए हैं। आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए पूरे लोकसभा क्षेत्र की आयोजन समिति के साथ मैराथन बैठक करने के बाद सांसद मनीष जायसवाल ने धरातल पर काम का जायजा लेना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को सांसद हजारीबाग शहर के न्यू एरिया स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप संचालित एक स्थानीय स्टिचिंग सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने टूर्नामेंट के लिए बेहद आकर्षक ढंग से तैयार की जा रही ‘नमो जर्सी’ की प्रिंटिंग और सिलाई (स्टिचिंग) कार्य का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने युद्धस्तर पर चल रहे जर्सी निर्माण कार्य की बारिकियों को देखा और यूनिट की पूरी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने वहां काम कर रही दर्जनों स्थानीय महिला कारीगरों से बेहद आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनके बेजोड़ हुनर की दिल खोलकर सराहना की। वहां तैयार हो रही विश्वस्तरीय और आकर्षक जर्सियों की फिनिशिंग को देखकर सांसद ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की और महिला कारीगरों का उत्साहवर्धन किया।

प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को किया साकार, महिलाओं को मिला रोजगार

इस खास मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को हजारीबाग की धरती पर सच साबित करने का यह एक बड़ा प्रयास है। यही वजह है कि नमो फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के लिए विश्वस्तरीय गुणवत्ता वाले स्पोर्ट्स फैब्रिक से तैयार होने वाली खेल जर्सियों की प्रिंटिंग और स्टिचिंग का पूरा जिम्मा बाहर की किसी बड़ी कंपनी को देने के बजाय हजारीबाग की ही स्थानीय स्टिचिंग यूनिट को सौंपा गया है। सांसद ने गर्व जताते हुए कहा कि इस पूरे कार्य में स्थानीय महिला कारीगरों की सक्रिय भागीदारी है, जो न सिर्फ हमारे घर-परिवार की माताओं-बहनों को सीधे तौर पर रोजगार उपलब्ध करा रही है, बल्कि इससे स्थानीय लघु उद्योगों को संजीवनी और महिला सशक्तिकरण को नई मजबूती मिल रही है।

खेल संस्कृति को मिलेगी नई ऊर्जा, सांसद निधि से सुविधाओं की बौछार

सांसद मनीष जायसवाल ने टूर्नामेंट के विजन पर चर्चा करते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले नमो फुटबॉल टूर्नामेंट की लोकप्रियता, क्रेज और भव्यता साल-दर-साल लगातार बढ़ती जा रही है। हमारा एकमात्र लक्ष्य इस बार के आयोजन को और भी अधिक व्यापक तथा हाई-टेक स्वरूप देना है, ताकि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के दूर-दराज ग्रामीण और शहरी इलाकों के छिपे हुए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए एक राष्ट्रीय स्तर का बेहतरीन प्लेटफॉर्म मिल सके। इसके साथ ही, जिले के खेल प्रेमियों को भी उच्चस्तरीय और रोमांचक प्रतियोगिताएं देखने का अवसर मिलेगा, जिससे पूरे क्षेत्र की खेल संस्कृति को एक नई और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होगी।

सांसद ने पूरा विश्वास जताया कि सांसद खेल महोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाला यह महामुकाबला युवाओं के भीतर खेल भावना, कड़ा अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को तो जगाएगा ही, साथ ही हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पटल पर एक नई और मजबूत पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा। स्टिचिंग यूनिट के इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान सांसद मनीष जायसवाल के साथ मुख्य रूप से हजारीबाग के प्रसिद्ध समाजसेवी श्रद्धानंद सिंह, जाने-माने व्यवसायी बबलू भंडारी, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल मिश्रा और सांसद के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित कई अन्य गणमान्य लोग और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Share This Article
"संध्या न्यूज हजारीबाग और झारखंड की स्थानीय खबरों को कवर करने वाली एक समर्पित टीम है, जो निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता में विश्वास रखती है।"
Leave a Comment
🏠 होम 🔥 ताज़ा ख़बरें 💬 व्हाट्सएप 📺 यूट्यूब
error: Content is protected !!