बारिश भी नहीं रोक पाई श्याम भक्तों की आस्था, अग्रसेन भवन में देर रात तक गूंजते रहे बाबा श्याम के जयकारे

संध्या न्यूज-sandhya news
5 Min Read
f cf df af decff

गौ लीला पर सजा बाबा श्याम का अलौकिक दरबार, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया ज्योत का दर्शन; भजनों पर देर रात तक झूमते रहे भक्त

हजारीबाग। बाबा श्याम की भक्ति और आस्था के रंग में रविवार को हजारीबाग पूरी तरह रंगा नजर आया। श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार की ओर से अग्रसेन भवन में आयोजित पंचम श्री श्याम मनुहार महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। बाबा श्याम के दर्शन और भक्ति रस में डूबने के लिए हजारीबाग सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु अग्रसेन भवन पहुंचे। शाम होते-होते पूरा परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया और चारों ओर बाबा श्याम के जयकारे गूंजने लगे।

महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण गौ लीला पर आधारित बाबा श्याम का भव्य दरबार रहा। कोलकाता के कारीगरों द्वारा विशेष रूप से तैयार किए गए दरबार में गौ माता, गोपालन और भगवान श्रीकृष्ण की गौ लीला के भाव को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया था। भव्य सजावट, रोशनी और बाबा श्याम के मनमोहक श्रृंगार ने श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित किया। दरबार के सामने पहुंचकर श्रद्धालु बाबा श्याम की दिव्य छवि को निहारते और श्रद्धा के साथ शीश झुकाते नजर आए।

महोत्सव का शुभारंभ दोपहर करीब 2:15 बजे राणी सती मंदिर के प्रधान पुजारी शशिकांत मिश्रा ने विधि-विधान से बाबा श्याम की पूजा-अर्चना कर किया। यजमान के रूप में सौरभ रामरायका एवं उनकी धर्मपत्नी निहारिका रामरायका ने पूजा-अर्चना में भाग लिया। इसके बाद अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। ज्योत के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी रहा।

पूजा संपन्न होने के बाद अग्रसेन भवन में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। ‘जय श्री श्याम’ और ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ जैसे जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश की बूंदों के बीच भी श्रद्धालु बाबा के दरबार तक पहुंचते रहे और ज्योत के दर्शन करते रहे।

शाम करीब 6:30 बजे भजन संध्या शुरू हुई। जयपुर के अभिषेक नामा, कटिहार के आदर्श दाधीच और जयपुर के दीपांशु अग्रवाल ने अपनी मधुर आवाज से ऐसा समां बांधा कि पूरा अग्रसेन भवन भक्तिरस में डूब गया। कलाकारों ने बाबा श्याम की महिमा और भक्त-भगवान के रिश्ते से जुड़े एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। ‘फागुन आयो बाबा के दरबार चला’ और ‘श्याम घर आओ’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।

भजनों की धुन शुरू होते ही श्रद्धालु अपने स्थान पर खड़े होकर नाचने और झूमने लगे। कहीं भक्त दोनों हाथ उठाकर बाबा श्याम का जयकारा लगाते नजर आए तो कहीं श्रद्धालु भक्ति संगीत में पूरी तरह लीन दिखाई दिए। पूरा परिसर तालियों, जयकारों और भजनों से गूंजता रहा।

आयोजन में श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया। महिलाओं के लिए अलग बैठने की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर आयोजन मंडली के सदस्य लगातार सक्रिय रहे। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्वयंसेवक लगातार व्यवस्था संभालते रहे।

इस वर्ष भी महोत्सव में श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार, रामगढ़ कैंट का विशेष सहयोग रहा। वहीं श्री श्याम परिवार तुलसीधाम, कोलकाता का पावन आशीर्वाद भी आयोजन को प्राप्त हुआ।

महोत्सव में उप निर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती देवी, विधायक प्रदीप प्रसाद के सुपुत्र सहित कई गणमान्य लोग भी पहुंचे। सभी ने बाबा श्याम के दरबार में शीश झुकाकर ज्योत के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजकों के अनुसार महोत्सव की तैयारियां पिछले करीब चार महीनों से चल रही थीं। दरबार की सजावट, श्रद्धालुओं के बैठने, सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और भजन कलाकारों की प्रस्तुति समेत तमाम व्यवस्थाओं को लेकर आयोजन मंडली लगातार जुटी हुई थी।

करीब रात 11:30 बजे से 12 बजे के बीच आरती के साथ पंचम श्री श्याम मनुहार महोत्सव का भव्य समापन हुआ। आरती के दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ बाबा श्याम की आराधना की और पूरा अग्रसेन भवन एक बार फिर ‘जय श्री श्याम’ के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।

आयोजन मंडली ने महोत्सव की सफलता के लिए सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों, कलाकारों, प्रशासन, सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों और श्याम भक्तों के प्रति आभार जताया। आरती के बाद श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन और भक्ति में डूबे नजर आए। महोत्सव समाप्त हो गया, लेकिन देर रात तक भक्तों के चेहरों पर बाबा श्याम की भक्ति और दर्शन की खुशी साफ झलकती रही।

Share This Article
"संध्या न्यूज हजारीबाग और झारखंड की स्थानीय खबरों को कवर करने वाली एक समर्पित टीम है, जो निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता में विश्वास रखती है।"
Leave a Comment
🏠 होम 🔥 ताज़ा ख़बरें 💬 व्हाट्सएप 📺 यूट्यूब
error: Content is protected !!