संध्या न्यूज ब्यूरो / हजारीबाग: CPI Conference Hazaribagh: हुल दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) आगामी 30 जून को हजारीबाग के टाउन हॉल में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन करने जा रही है। इस सम्मेलन के जरिए पार्टी जल, जंगल, जमीन की सुरक्षा और युवाओं के पलायन के मुद्दे पर एक नए जनांदोलन का शंखनाद करेगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाकपा के राष्ट्रीय महासचिव कामरेड डी. राजा और राज्यसभा सांसद कामरेड पी. संतोष शामिल होंगे। इस बाबत शनिवार को नवाबगंज स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन कर विस्तृत रूपरेखा साझा की गई।
“जिन अरमानों से झारखंड बना, पूर्व की सरकारों ने उसका सौदा कर डाला” — महेंद्र पाठक
CPI Conference Hazaribagh: प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि एक लंबे संघर्ष और असंख्य शहादतों के बाद 25 वर्ष पहले जिस उद्देश्य के साथ झारखंड राज्य का निर्माण किया गया था, वे अरमान अब धीरे-धीरे दरकने लगे हैं। जिस उलगुलान की बदौलत हमें यह राज्य मिला, पूर्व की सरकारों ने उस उलगुलान का ही सौदा कर डाला।
उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर पहला अधिकार झारखंडियों का था, लेकिन उस पर अब धीरे-धीरे कॉरपोरेट घरानों का कब्जा होता जा रहा है। राज्य का युवा नौकरी की तलाश में दिल्ली, मुंबई, गुजरात और सूरत जैसे सुदूर क्षेत्रों में पलायन करने को मजबूर है। राज्य सरकार के अधीन लाखों पद खाली पड़े हैं, लेकिन नियुक्तियां नहीं की जा रही हैं। इन्हीं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ यह सम्मेलन मील का पत्थर साबित होगा।
बड़कागांव में कोयला लूट चरम पर, सड़कों पर संघर्ष कर रहे किसान: अनिरुद्ध कुमार
भाकपा के जिला सचिव अनिरुद्ध कुमार ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हजारीबाग के सांसद और विधायक यहां की खनिज संपदाओं को लूटने और लुटवाने में मशगूल हैं। कोयला, बालू, जल, जंगल और जमीन की खुली लूट मची हुई है। विशेषकर बड़कागांव क्षेत्र में कोयले की लूट चरम सीमा पर है। वहां अपनी जमीनों को बचाने के लिए हजारों किसान कई वर्षों से सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। इस कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से किसानों और आम जनता के इस जन आंदोलन को और अधिक धार दी जाएगी।
राष्ट्रीय और राजकीय स्तर के दिग्गज नेताओं का होगा जुटान
CPI Conference Hazaribagh: 30 जून को होने वाले इस सम्मेलन में देश और राज्य स्तर के कई कद्दावर वामपंथी नेता शिरकत करेंगे। मुख्य अतिथियों के अलावा पूर्व सांसद कामरेड नागेंद्र नाथ ओझा, अखिल भारतीय आदिवासी महासभा के महासचिव कामरेड पशुपति कोल, एटक के महासचिव कॉमरेड अशोक यादव, एटक के कार्यकारी अध्यक्ष कॉमरेड लखनलाल महतो, दलित अधिकार मंच के महासचिव महादेव राम, झारखंड राज्य महिला समाज की सोनिया देवी और ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के कामरेड अर्जुन कुमार सहित कई लोग कार्यक्रम में भाग लेने हजारीबाग आ रहे हैं।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, रामगढ़ और बोकारो जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जुटेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान सहायक जिला सचिव प्रोफेसर डॉक्टर अनवर हुसैन, प्रवीण मेहता, पूर्व मुखिया महेंद्र राम, साबिर अंसारी, आनंद कुमार और सोशल मीडिया प्रभारी दीपांकर सेनगुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे। वहीं कार्यक्रम को सफल करने के लिए स्वागत समिति के अनिरुद्ध प्रसाद, प्रोफेसर अनवर हुसैन, महेंद्र राम, मस्जिद अंसारी, गुलाम जिलानी, शौकत अनवर उर्फ राजू, अवध कुमार और इम्तियाज़ खान सहित पार्टी के कई साथी लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।


