उपायुक्त की अध्यक्षता में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक: 15 अगस्त तक ई-वाहन निबंधन अनिवार्य, वरना होगी सख्त कार्रवाई

ओवरलोडेड वाहनों और ब्लैक स्पॉट पर रहेगी पैनी नजर, 1 जून से अब तक ₹11.23 करोड़ का राजस्व संग्रहित, उपायुक्त हेमंत सती ने दिए कड़े निर्देश

संध्या न्यूज-sandhya news
4 Min Read
मुख्य बिंदु
  • सख्त निर्देश: जिले में बिना फिटनेस के चल रहे वाहनों के विरुद्ध चलेगा सघन अभियान।
  • राजस्व संग्रहण: 1 जून 2026 से अब तक विभाग द्वारा 11 करोड़ 23 लाख रुपये का राजस्व संग्रहित।
  • जांच का दायरा: कम-से-कम पांच पेट्रोल पंपों की संयुक्त रूप से होगी नाप-तौल और दस्तावेजों की जांच।
  • कड़ी चेतावनी: बिना निबंधन के चल रहे इलेक्ट्रिक वाहनों (टोटो, ऑटो, दोपहिया) के लिए 15 अगस्त तक की समय-सीमा तय।

हजारीबाग। उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में उनके कक्ष में परिवहन विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने परिवहन कार्यालय द्वारा किए गए कार्यों एवं प्रवर्तन संबंधी कार्रवाइयों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को जिले की परिवहन व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कई कड़े दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य रूप से अवैध वाहनों पर नकेल कसने, राजस्व बढ़ाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

बिना फिटनेस दौड़ रहे वाहनों पर होगी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में ऐसे वाहन चल रहे हैं जिनका फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त हो चुका है या जो फिटनेस जांच में असफल पाए गए हैं। उन्होंने ऐसे वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही जिला परिवहन पदाधिकारी को विभाग के नीलाम पत्रों एवं लंबित वादों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

ब्लैक स्पॉट का होगा नियमित निरीक्षण, इचाक मोड़ अतिक्रमण मुक्त अभियान की समीक्षा

सड़क सुरक्षा की समीक्षा के तहत बैठक में इचाक मोड़ पर चलाए गए अतिक्रमण मुक्त अभियान की प्रगति देखी गई। उपायुक्त ने जिले के सभी दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सतत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, ओवरलोडेड वाहनों की नियमित जांच, पेट्रोल पंपों के नवीनीकरण संबंधी दस्तावेजों, ट्रेड लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच करने के निर्देश दिए गए। नाप-तौल पदाधिकारी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को संयुक्त रूप से कम-से-कम पांच पेट्रोल पंपों की जांच करने को कहा गया है।

सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन वाहन जांच: नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी पर लगेगी रोक

उपायुक्त ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि अवैध रूप से नशीले पदार्थों तथा प्रतिबंधित पशुओं की ढुलाई पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित जांच अभियान संचालित किए जाएं। उन्होंने जिले में निबंधित वाहनों की संख्या, इलेक्ट्रिक वाहनों के निबंधन, फिटनेस जांच, और कर बकायेदार (टैक्स डिफॉल्टर) वाहन मालिकों को नोटिस निर्गत करने सहित विभिन्न बिंदुओं की बिंदुवार समीक्षा की।

15 अगस्त के बाद बिना निबंधन वाले ई-वाहनों पर होगी जब्ती की कार्रवाई: उपायुक्त ने जिले में बिना निबंधन के संचालित हो रहे इलेक्ट्रिक वाहन टोटो, ऑटो, दो पहिया और निजी इलेक्ट्रिक वाहन संचालकों से अपील की है कि वे 15 अगस्त तक अनिवार्य रूप से अपने वाहनों का निबंधन करा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 अगस्त के बाद बिना निबंधन संचालित वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 एवं 2019 संशोधन के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी को आवश्यक आदेश निर्गत करने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में मुख्य रूप से सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल, जिला परिवहन पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
"संध्या न्यूज हजारीबाग और झारखंड की स्थानीय खबरों को कवर करने वाली एक समर्पित टीम है, जो निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता में विश्वास रखती है।"
Leave a Comment
🏠 होम 🔥 ताज़ा ख़बरें 💬 व्हाट्सएप 📺 यूट्यूब
error: Content is protected !!