हजारीबाग। उपायुक्त हेमन्त सती ने सोमवार को पुराना समाहरणालय परिसर स्थित नवनिर्मित पुस्तकालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का विस्तृत जायजा लिया। उपायुक्त ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के कड़े दिशा-निर्देश दिए।
पुस्तकालय की हर फ्लोर और व्यवस्थाओं को उपायुक्त ने बारीकी से परखा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालय में स्थापित किए गए पुस्तक रैक, बेंच-डेस्क, कुर्सियां, सीढ़ियों पर लगी रेलिंग, शौचालय एवं वॉशरूम का गहन मुआयना किया। उन्होंने सभी फ्लोर, खिड़कियां, दरवाजे, बालकनी, विद्यार्थियों के बैठने की क्षमता तथा प्रकाश (लाइटिंग), बिजली एवं पेयजल (पीने का पानी) सहित अन्य सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जांच की।
ऐप स्थापित करने और व्यवस्थित तरीके से अंतिम रूप देने का निर्देश
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पुस्तकालय के बेहतर प्रबंधन के लिए इसमें एपीपी (APP) स्थापित कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने सीढ़ियों पर लगी रेलिंग को पूरी तरह दुरुस्त करने तथा संपूर्ण पुस्तकालय भवन को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से अंतिम रूप देने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुस्तकालय में आने वाले विद्यार्थियों के लिए एक सुरक्षित, सुविधाजनक और प्रेरणादायी वातावरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि वे एकाग्रता के साथ पढ़ाई कर सकें।
इस निरीक्षण के अवसर पर मुख्य रूप से जिला योजना पदाधिकारी पंकज तिवारी, जिला परिषद के कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता सहित अन्य संबंधित विभागों के कर्मी और अधिकारी उपस्थित थे।


