संध्या न्यूज ब्यूरो / हजारीबाग: हजारीबाग पुलिस ने बड़कागांव थाना क्षेत्र में नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने जाल बिछाकर प्रतिबंधित नशीले पदार्थ ‘ब्राउन शुगर’ की खरीद-बिक्री में लगे दो शातिर तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया है। यह पूरा काला खेल गांव के ही एक बंद पड़े मकान की चहारदीवारी के भीतर चल रहा था, जिसे पुलिस की मुस्तैदी ने समय रहते ध्वस्त कर दिया।
बंद मकान की ओट में परोसा जा रहा था ‘सफेद जहर’
यह पूरी कार्रवाई 29 जून 2026 की दोपहर करीब 1:30 बजे की है। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि बड़कागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाबूपारा से गोन्दलपुरा जाने वाली सड़क के किनारे एक बंद घर है। इस सुनसान घर की चहारदीवारी का फायदा उठाकर कुछ लड़के वहां धड़ल्ले से नशीले पदार्थ ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार कर रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के आदेशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बड़कागांव, अमित आनंद के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस को देख भागने लगे आरोपी, घेराबंदी कर दबोचा
छापेमारी टीम जैसे ही बाबूपारा गांव में निर्दिष्ट बंद मकान के पास पहुंची, वहां हड़कंप मच गया। पुलिस की गाड़ी और सशस्त्र बलों को देखते ही चहारदीवारी के अंदर मौजूद दो युवक भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और दोनों को मौके पर ही धर-दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय आदित्य कुमार (पिता- मदन दास, साकिन- रविदास मोहल्ला, बाबूपारा) और 24 वर्षीय विपिन कुमार पाण्डेय (पिता- प्यारेलाल पाण्डेय, साकिन- बादम, दोनों थाना बड़कागांव) के रूप में की गई है।
तराजू और पुड़िया के साथ मिला नशे का सामान
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों की विधिवत तलाशी ली, तो उनके पास से नशे का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।जानकारी के अनुसार:
आदित्य कुमार के पास से लगभग 12 ग्राम ब्राउन शुगर और नशीले पदार्थ को नापने वाली सिल्वर रंग की एक इलेक्ट्रॉनिक तुला (तराजू) मशीन बरामद की गई।
विपिन कुमार पाण्डेय के पास से 10 पुड़िया में पैक करीब 04 ग्राम ब्राउन शुगर और एक ब्लू रंग का स्मोक लाइटर जब्त किया गया।
इस मामले के संदर्भ में बड़कागांव थाना में कांड संख्या 115/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21(b)/22(b)/27(a) के तहत केस दर्ज किया गया है और दोनों को जेल भेज दिया गया है। इस सफल अभियान में एसडीपीओ अमित आनंद के साथ थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, पु०अ०नि० अभिषेक कुमार, पु०अ०नि० अमित कुमार और बड़कागांव थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।


