बारिश ने मैदान को बनाया तालाब, फुटबॉल खिलाड़ियों की बढ़ी परेशानी; 1972 से यहां खेल रहे पूर्व खिलाड़ी बोले- जल निकासी की समस्या आज भी जस की तस
हजारीबाग। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय खेल महोत्सव-2026 में सात जिलों के करीब 1288 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है, लेकिन हजारीबाग का ऐतिहासिक कर्जन ग्राउंड लगातार बारिश के कारण कीचड़ और जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। खेल महोत्सव के बीच मैदान की यह तस्वीर आयोजन की तैयारियों और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर सवाल खड़े कर रही है।
मैदान की खराब स्थिति का सबसे ज्यादा असर फुटबॉल खिलाड़ियों पर पड़ रहा है। कीचड़ के कारण खिलाड़ियों को दौड़ने और गेंद पर नियंत्रण बनाने में परेशानी हो रही है। कई खिलाड़ी खेल के दौरान फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे चोटिल होने का खतरा भी बना हुआ है। खिलाड़ियों ने मैदान में जल निकासी और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
फुटबॉल खिलाड़ी ज्योति कुमारी ने कहा कि उन्होंने कई मैदानों में खेला है, लेकिन कर्जन ग्राउंड की मौजूदा स्थिति बेहद खराब है। कीचड़ के कारण खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी असर पड़ रहा है और खेल के दौरान चोट का खतरा बना रहता है।
1972 से मैदान वही, समस्या भी वही
पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी सरफराज अहमद ने मैदान की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 1972 से 1992 तक इसी मैदान पर फुटबॉल लीग खेली है। उनके अनुसार इतने वर्षों बाद भी कर्जन ग्राउंड में जल निकासी जैसी बुनियादी समस्या बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि बड़े खेल आयोजनों से पहले मैदान को खेल के अनुकूल तैयार किया जाना चाहिए, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिल सके। उनका कहना है कि ऐतिहासिक मैदान होने के बावजूद इसकी बुनियादी सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान देने की जरूरत है।
दर्शक ने भी उठाए सुविधाओं पर सवाल
दर्शक पंकज कुमार दास ने भी खिलाड़ियों के लिए मूलभूत सुविधाओं की कमी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं का बेहतर प्रचार-प्रसार भी जरूरी है, ताकि अधिक संख्या में खेलप्रेमी मैदान तक पहुंचें और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़े।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का डीपीआर तैयार : खेल पदाधिकारी
जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम ने मैदान की मौजूदा स्थिति को लगातार हो रही बारिश का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि कर्जन ग्राउंड में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है और इसका डीपीआर भी तैयार किया जा चुका है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
फिलहाल खराब मौसम और मैदान की स्थिति के बावजूद खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जब सात जिलों के 1288 खिलाड़ी यहां खेल रहे हैं और कर्जन ग्राउंड में वर्षों पुरानी जल निकासी की समस्या अब भी कायम है, तो खेल महोत्सव खत्म होने के बाद इस मैदान की बदहाली दूर करने के लिए प्रशासन कितनी तेजी से कदम उठाता है।


