हजारीबाग। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी के विरोध में हजारीबाग जिला कांग्रेस कमिटी ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने झंडा चौक पर धरना-प्रदर्शन कर केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बाद में पुतला दहन किया। पार्टी ने प्राथमिकी को राजनीति से प्रेरित बताते हुए इसे लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास करार दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह हजारीबाग जिला कांग्रेस अध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल ने किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को वापस लेने तथा सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ कथित रूप से कार्य करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज करने की मांग उठाई।
सामाजिक न्याय के मुद्दों को दबाने का आरोप
धरना को संबोधित करते हुए जय प्रकाश भाई पटेल ने कहा कि राहुल गांधी लगातार दलित, आदिवासी और वंचित वर्गों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं। ऐसे मुद्दों पर राजनीतिक बहस और जवाब देने के बजाय प्राथमिकी दर्ज किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ की गई कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है और इसका उद्देश्य विपक्ष की आवाज को कमजोर करना है। पटेल ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता से जुड़े सवालों को उठाती रहेगी और किसी दबाव में पीछे नहीं हटेगी।
झंडा चौक पर जमकर हुई नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता झंडा चौक पर जुटे। कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और राहुल गांधी के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। इसके बाद केन्द्र सरकार के प्रतीकात्मक पुतले का दहन किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विपक्ष की भूमिका लोकतंत्र में बेहद महत्वपूर्ण है। जनहित, सामाजिक न्याय, संविधान और वंचित वर्गों से जुड़े सवालों को सदन के साथ-साथ सड़क पर भी उठाया जाता रहेगा।
बोले जिलाध्यक्ष-जनता के मुद्दों से पीछे नहीं हटेगी कांग्रेस
जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद में विपक्ष के नेता के रूप में सामाजिक और संवैधानिक विषयों को मजबूती से उठा रहे हैं और पार्टी उनके साथ खड़ी है।
कार्यकर्ताओं ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष समीक्षा हो और राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से किसी भी कार्रवाई से बचा जाए।
ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष भीम कुमार, प्रदेश सचिव रेणु कुशवाहा, मनीषा टोप्पो, विनोद सिंह, मीडिया विभाग अध्यक्ष निसार खान, डॉ. निजामुद्दीन अंसारी, मकसूद आलम, राम सेवक सोनी, बाबर अंसारी, सलीम रजा, कृष्णदेव प्रसाद सिंह, मनोज नारायण भगत, परवेज अहमद, गुड्डू सिंह, अभिषेक राज, कजरू साव, कृष्णा किशोर प्रसाद, साकेत सौरव, वीरेंद्र कुमार सिंह, सुनील अग्रवाल, अजय गुप्ता, तोखन रविदास समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


