हजारीबाग। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनीष जायसवाल के संसदीय कार्यकाल के सफल दो वर्ष पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर उनके द्वारा पिछले दो सालों में किए गए विकास कार्यों, संसदीय गतिविधियों और सामाजिक उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा (रिपोर्ट कार्ड) सार्वजनिक किया गया है। बता दें कि 24 जून 2024 को 18वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद से उन्होंने अपने इस कार्यकाल को क्षेत्र के विकास, जनसेवा और जनसरोकारों को समर्पित किया है। लोकसभा चुनाव 2024 में उन्होंने 6.54 लाख से अधिक मत प्राप्त कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।
संसद में दमदार उपस्थिति: प्राक्कलन और कोयला-खान जैसी महत्वपूर्ण समितियों में मिली जगह
सांसद के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी द्वारा जारी रिपोर्ट कार्ड के अनुसार, दो वर्षों के दौरान संसद में मनीष जायसवाल की उपस्थिति 96 प्रतिशत दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय और झारखंड के औसत से काफी अधिक है। इस अवधि में उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सदन में 211 प्रश्न पूछे तथा 31 महत्वपूर्ण चर्चाओं में हिस्सा लिया। उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें देश की प्रतिष्ठित प्राक्कलन समिति, खाद्य एवं उपभोक्ता मामले समिति तथा कोयला एवं खान समिति का सदस्य मनोनीत किया गया।
हजारीबाग को मिला ट्रेनों का तोहफा, बरकाकाना जंक्शन का हुआ कायाकल्प
रेलवे के क्षेत्र में इन दो वर्षों को हजारीबाग के लिए मील का पत्थर बताया गया है। हजारीबाग टाउन स्टेशन से रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस, आसनसोल-हटिया इंटरसिटी, और गया-मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट सहित कई प्रमुख ट्रेनों के परिचालन को धरातल पर उतारा गया। इसके अलावा कोडरमा-बरकाकाना रेलखंड का दोहरीकरण, इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन और हजारीबाग स्टेशन पर कोचिंग डिपो निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ा है। वहीं, बरकाकाना जंक्शन का ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत आधुनिकीकरण भी इसी कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि रही।
खेल महोत्सव, सामूहिक विवाह और बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा की सौगात
सांसद मनीष जायसवाल ने विकास के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक मोर्चे पर भी कई अनूठी पहल की हैं:
सांसद खेल महोत्सव: ‘नमो फुटबॉल टूर्नामेंट’ और खेल महोत्सव के जरिए हजारों स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला।
तीर्थ दर्शन योजना: क्षेत्र के बुजुर्गों को अपने खर्च पर वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज और विंध्याचल की पवित्र धार्मिक यात्रा कराई जा रही है।
धार्मिक संरक्षण: स्थानीय स्तर पर विभिन्न मंदिरों के जीर्णोद्धार, प्रतिमा स्थापना तथा रामनवमी के दौरान अखाड़ों को पारंपरिक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
जनसमस्याओं के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष: रिपोर्ट कार्ड में बिजली, स्वास्थ्य, पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों पर सांसद द्वारा किए गए जन-आंदोलनों का भी विशेष उल्लेख है। ‘सांसद सेवा कार्यालयों’ के माध्यम से प्रतिदिन सैकड़ों आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इसके साथ ही सांसद निधि, डीएमएफटी (DMFT), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और पीएम-कुसुम जैसी केंद्रीय योजनाओं के जरिए क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का दावा किया गया है।


