संध्या न्यूज ब्यूरो / बरकट्ठा (हजारीबाग): Barkatha Illegal Liquor Seized: हजारीबाग जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। झुरझुरी गांव स्थित झारखंड होटल के पास खड़े एक संदिग्ध 12 चक्का ट्रक से पुलिस ने 935 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पटना से मिली गुप्त सूचना पर हजारीबाग पुलिस का बड़ा एक्शन
इस बड़ी कामयाबी के पीछे मद्यनिषेध एवं उत्पाद नियंत्रण ब्यूरो, पटना से मिली एक पुख्ता गुप्त सूचना थी। सूचना में बताया गया था कि बरकट्ठा के झुरझुरी स्थित झारखंड होटल के पास एक 12 चक्का ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर- UK18CA-6133) काफी देर से संदिग्ध अवस्था में खड़ा है, जिसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लोड कर बिहार ले जाने की तैयारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) को सूचित किया गया। इसके बाद बरकट्ठा थाना की टीम ने सशस्त्र बल के साथ होटल परिसर में छापेमारी की।
ट्रक अनलोड होते ही खुली पोल, केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए थी शराब
Barkatha Illegal Liquor Seized: पुलिस टीम ने मौके से ट्रक और उसके चालक को तुरंत हिरासत में लिया और बरकट्ठा थाना परिसर लेकर आई। जब थाना परिसर में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में ट्रक को अनलोड कराया गया, तो पुलिस कर्मियों के होश उड़ गए। ट्रक के भीतर भारी मात्रा में ‘इम्पीरियल ब्लू’ (Imperial Blue) ब्रांड की अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी। जांच में पाया गया कि यह पूरी खेप केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ (U.T. Chandigarh) में बिक्री के लिए अधिकृत थी, जिसे अवैध तरीके से झारखंड के रास्ते बिहार खपाने की योजना थी।
बरामदगी का पूरा विवरण: जब्त हुई 33 हजार से अधिक बोतलें
थाना परिसर में की गई गिनती के बाद पुलिस ने शराब की बड़ी खेप का विवरण साझा किया:
इम्पीरियल ब्लू (180 ML): कुल 450 पेटी बरामद की गई, जिसमें प्रत्येक पेटी में 48 बोतलें थीं। इस साइज की कुल 21,600 बोतलें (3,888 लीटर) पाई गईं।
इम्पीरियल ब्लू (375 ML): कुल 485 पेटी बरामद हुई, जिसमें प्रत्येक पेटी में 24 बोतलें थीं। इस साइज की कुल 11,640 बोतलें (4,365 लीटर) पाई गईं।
कुल जब्ती: पुलिस ने कुल मिलाकर 935 कार्टन से 33,240 बोतलें (कुल 8,253 लीटर) अवैध शराब, 12 चक्का ट्रक सहित जब्त की है।
उत्तराखंड का रहने वाला ट्रक चालक गिरफ्तार, भेजा गया जेल
Barkatha Illegal Liquor Seized: अवैध शराब की इस अंतरराज्यीय तस्करी के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दलजीत सिंह (उम्र करीब 38 वर्ष), पिता- हरभजन सिंह, निवासी- सुभाष कॉलोनी, रुद्रपुर सिटी (नियर सागर होटल), थाना- रुद्रपुर, जिला- ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड के रूप में हुई है। बरकट्ठा थाना में उत्पाद अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज करते हुए आरोपी चालक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि इस सिंडिकेट के मुख्य सरगना कौन हैं।


